रायगढ़। गरीबों को पक्के मकान देने वाली प्रधानमंत्री आवास योजना में दो सालों से रायगढ़ जिला एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा है। अब जाकर सरकार ने 22-23 के लिए लक्ष्य आवंटन किया है। रायगढ़ जिले में 4511 पीएम आवास बनेंगे। शासन ने तुरंत मंजूरी देने को कहा है। वर्गवार आवंटन तय किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर बवाल मचा हुआ है। 2016-17 प्रारंभ होने के बाद से वर्ष 20-21 तक हर साल रायगढ़ जिले को पीएम आवास का आवंटन मिला है। वर्ष 21-22 में छग सरकार को दिया गया आवंटन वापस ले लिया गया था। 22-23 में भी कुछ इसी तरह होने का अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन अब राज्य सरकार ने सभी जिलों को नया आवंटन जारी किया है। रायगढ़ जिले को 4511 आवास बनाने का लक्ष्य तय करने का आदेश दिया गया है। बरमकेला को 647 और सारंगढ़ 885 पीएम आवास मिले हैं। इन दोनों तहसीलों को भी रायगढ़ जिले से जोडक़र लक्ष्य आवंटित किया गया है।
पात्रता सूची से हितग्राहियों का चयन कर आवास स्वीकृत करने का आदेश दिया गया है। रायगढ़ को आवंटित लक्ष्य में से अनुसूचित जाति के लिए 727, अनुसूचित जनजाति 2907, अल्पसंख्यक 16 और अन्य 2393 आवास स्वीकृत किए गए हैं। सबसे ज्यादा 1254 आवास धरमजयगढ़ को आवंटित हैं। जांजगीर-चांपा के बाद रायगढ़ को सबसे ज्यादा लक्ष्य मिला है। इसके साथ जिले को कुल 91 हजार आवास आवंटित किए जा चुके हैं। दो साल बाद आवंटन जारी होने से अब कई हितग्राहियों को राहत मिलेगी।
पांच सालों में मिले 85 हजार आवास
वर्ष 16-17 से 20-21 के बीच में पांच सालों में रायगढ़ जिले को 85047 पीएम आवासों का लक्ष्य मिला है। इसमें से 66046 पूरे हो गए हैं। करीब 26 हजार हितग्राहियों के चौथा किश्त दिया जाना बाकी है। 20-21 में आवंटित 9000 आवासों में एक भी किश्त नहीं दी गई है। इसीलिए केंद्र सरकार ने छग को 21-22 का आवंटन ही नहीं दिया।
