मालखरौदा। धान उपार्जन केंद्रों में इन दिनों किसानों का समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जा रहा है। जहां प्रारंभ में राइस मिलरो द्वारा डीओ कटने के बाद तत्काल उठाव हो रहा था लेकिन वर्तमान की स्थिति में धान का उठाव नहीं होने से केंद्रों की परेशानियों के साथ किसान भी खासे परेशान नजर आ रहे हैं। मालखरौदा, छपोरा व अड़भार के सेवा सहकारी समिति मर्यादित धान खरीदी केंद्रों का बुरा हाल है। केन्द्रों में निर्धारित लिमिट से अधिक खरीदी की जा चुकी है।
वहीं, धान का उठाव और परिवहन नहीं होने की वजह से कई तरह का समस्याओं का सामना करना पड रहा है। समिति के सदस्यों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को चिंता सता रही है। दूसरी ओर किसानों को अब धान रखने के लिए जगह के लिए समस्या का सामना करना पड़ रहा है। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि धान का परिवहन उठाव किया जाना अति आवश्यक है। क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों से धान का उठाव नहीं होने से फड़ों में जगह अब सिकुड़ने लगी है।
कई केंद्र में बफर लिमिट से दो से तीन गुना अधिक मात्रा में धान का भंडारण हो गया है। वहीं परिवहन नहीं होने की वजह से चिंता भी समिति के कर्मचारियों को सताने लगी है, क्योंकि धान सूखत की गाज समिति कर्मचारियों के ऊपर ही गिरता है। धान खरीदी केंद्रों से उठाव नहीं होने से आने वाले दिनों में खरीदी प्रभावित हो सकती है।
