Skip to content
Home | Raigarh News : गौतम अडाणी के बाद मुकेश अंबानी की भी रायगढ़ में होगी एंट्री

Raigarh News : गौतम अडाणी के बाद मुकेश अंबानी की भी रायगढ़ में होगी एंट्री

रायगढ़। रायगढ़ जिले में विश्व के दो सबसे अमीर उद्योगपति रुचि ले रहे हैं। इसलिए वैश्विक पटल पर रायगढ़ का नाम अंकित होने वाला है। पहले गौतम अडाणी ने रायगढ़ में पावर प्लांट खरीदे और अब मुकेश अंबानी भी इसी कतार में हैं। देश के दो सबसे रईस कारोबारी रायगढ़ में कारोबार जमाने के लिए कदम बढ़ा चुके हैं। अभी तक रायगढ़ में केवल जिंदल ग्रुप के नवीन जिंदल का ही नाम था। लेकिन अब गौतम अडाणी ने दमदार एंट्री की है। पहले कोरबा वेस्ट पावर प्लांट और फिर डीबी पावर का अधिग्रहण करने के बाद अडाणी ग्रुप ने आक्रामक रुख दिखाया है। अडाणी ग्रुप की रणनीति कोई नया प्लांट खड़ा करने के बजाय कर्ज में डूबे स्थापित प्लांटों को अधिग्रहित करने की है। इससे दोहरा लाभ हो रहा है। कम कीमत में तैयार सेटअप मिल रहा है।

अडाणी ग्रुप ने इसके बाद सीमेंट कंपनी अंबुजा सीमेंट्स को भी खरीदा है। इसके जरिए रायगढ़ में एक कोयला खदान भी हासिल कर ली है। इसके साथ अडाणी इंटरप्राइजेस ने चार कोयला खदानों का एमडीओ भी हासिल कर लिया है। कुल मिलाकर रायगढ़ जिले में अडाणी ग्रुप ने 50 हजार करोड़ से भी ज्यादा के प्रोजेक्ट हासिल कर लिए हैं। अब रायगढ़ में मुकेश अंबानी भी रुचि दिखा रहे हैं। ग्रीन एनर्जी में निवेश करने की खबरों के बीच मुकेश अंबानी ने एसकेएस पावर प्लांट को खरीदने के लिए बिडिंग की है। लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती गौतम अडाणी हैं।

राजनीतिक टिप्पणियों का कोई असर नहीं
अंबानी-अडाणी की सबसे ज्यादा आलोचना कांग्रेस पार्टी लंबे समय से कर रही है। दोनों उद्योगपतियों के इशारे पर केंद्र सरकार चलाने का आरोप भी लगाया जाता है। एक के बाद एक कई टिप्पणियां दोनों उद्योग समूहों पर की जाती हैं लेकिन इससे बेखबर दोनों ग्रुप अपना कारोबार फैलाने में जुटे हैं। तमाम आलोचनाओं के बावजूद अडाणी के सबसे ज्यादा प्रोजेक्ट छग में ही चल रहे हैं।