Skip to content
Home | अधेड़ महिला ने कीटनाशक दवा पीकर की आत्महत्या

अधेड़ महिला ने कीटनाशक दवा पीकर की आत्महत्या

मवेशी चराने निकले युवक की जहरीले जंतु काटने से मौत

रायगढ़। मवेशी चराने निकले एक युवक के पांव को जहरीले जंतु ने ऐसे काटा कि उसकी जिंदगी ही खत्म हो गई। वहीं, एक अधेड़ महिला ने जहर सेवन करते हुए दुनिया को असमय अलविदा कह दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पहली घटना पुसौर थाना क्षेत्र की है। ग्राम औरदा में रहने वाला उदयनाथ पिता श्याम कुमार पाव (25 वर्ष) शुक्रवार सुबह घर से यह कहते हुए निकला कि वह बैल चराने के लिए जा रहा है। इस बीच खेत तरफ मवेशियों को चरते देख उदयनाथ किनारे बैठा था तभी उसे पैर में किसी विषैले जंतु के काटने का चुभन भरा एहसास होने पर उसने आसपास खोजबीन भी की, लेकिन कुछ नहीं दिखा। ऐसे में दर्द बढ़ने पर वह घर वापस गया और परिजनों को इसकी जानकारी देते हुए खाट में लेट गया। कुछ देर में मुंह से झाग निकलने पर युवक की हालत बिगड़ी तो बदहवास परिजन उसे नजदीकी पुसौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए तो चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण में ही उसे मृत घोषित कर दिया।

इसी तरह दूसरा प्रसंग पड़ोसी जिले के डभरा थाना अंतर्गत ग्राम खुरघुट्टी का है। यहां तिवारी लाल निराला की 50 बरस की पत्नी बुधियारिन बाई को गुरुवार रात तकरीबन 10 बजे ना जाने क्या हुआ कि वह घर मे रखे कीटनाशक दवा पी गई। बदबूदार उल्टी करने पर महिला को डभरा के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन प्रारंभिक उपचार के बाद भी हालत को खतरे के दायरे में देख डॉक्टरों ने देर रात 12 बजे उसे रायगढ़ रेफर कर दिया। तदुपरांत, बुधियारिन निराला को श्रीमती अशर्फी देवी महिला चिकित्सालय में दाखिल कराया गया, जहां डॉ. रूपेंद्र पटेल की तमाम कोशिशों के बाद भी शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे विषबाधिता के प्राण पखेरू उड़ गए। फिलहाल, दोनों मामले की सूचना पर पुलिस मर्ग कायम करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।