प्रदेश भाजपाध्यक्ष ने जूदेव की तारीफ की, भूपेश सरकार की उड़ाई धज्जियां
रायगढ़। केवल जशपुर और बगीचा ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में अराजकता का माहौल है और इसका भूपेश सरकार जिम्मेदार है। जूदेव के जशपुर जिले में तीनों विधानसभा में इस बार कमल का फूल खिलेगा और कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा। यह दावा है – प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव का। दरअसल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव पार्टी और कार्यकर्ताओं में जान फूंकने पूरे प्रदेश के दौरे पर हैं । दो दिनों तक सरगुजा अंबिकापुर में भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक लेने के बाद भाजपा अध्यक्ष शनिवार की शाम जशपुर पहुंचे। 23 जनवरी तक प्रदेश अध्यक्ष साव जशपुर और कुनकुरी विधानसभा के दौरे पर रहेंगे।
दोनों विधानसभा क्षेत्र में कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद 24 जनवरी को वे जशपुर से रवाना हो जाएंगे। जशपुर जिले में प्रवेश के दौरान भाजपा अध्यक्ष साव ने बगीचा में पत्रकारों से चर्चा के दौरान छग भाजपा के पितृपुरुष स्व. दिलीप सिंह जूदेव का स्मरण करते हुए कहा कि श्री जूदेव सिर्फ भाजपा के ही नहीं, बल्कि पूरे देश के आदमी के दिलों में राज करते हैं। हम सबकी प्रेरणा है स्व जूदेव, उन्हें कभी भी विस्मृत नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ बचाने के लिए भाजपा के अभियान के तहत वे जशपुर पहुंचे। बीजेपी ने अपनी इस मुहिम को दफ़ल बनाने के लिए प्रदेश के 3-4 प्रमुख नेताओं को 1-1 लोकसभा में जिम्मेदारी दी है। प्रत्येक विधानसभा में जाएं और कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का शंखनाद करें।
श्री साव ने यह भी कहा कि भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ का विकास रोक रखा है, इसलिए वे उसे नेस्तनाबूद करने का संकल्प लेकर निकले हैं। रायगढ़ लोकसभा के जशपुर और कुनकुरी में दो रोज बैठक होगी। उन्होंने दावा भी किया कि कांग्रेस के खाते में जाने वाली जशपुर के तीनों विधानसभा सीटों में भाजपा पूरी ताकत से लड़ाई लड़ते हुए कमल खिलाकर ही रहेगी। उन्होंने स्व. दिलीप सिंह जूदेव के भाजपा में दिए योगदानों को यादकर उनको बिंदास नेता भी निरूपित किया।
