नई दिल्ली। चांद की सतह पर खोजबीन कर रहे भारत के चंद्रयान-3 मिशन के प्रज्ञान रोवर का एक नया वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में रोवर खोजबीन करने की जगह एक नटखट बच्चे की तरह मस्ती करता नजर आ रहा है.












रोवर द्वारा गोल गोल घूमने का वीडियो चंद्रयान के विक्रम लैंडर से लिया गया है. इस वीडियो को इसरो ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट (पहले ट्विटर) पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया है. लोग चंद्रयान मिशन के रोवर के इस नटखट अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं.





इसरो ने 24 सेकंड के इस वीडियो के साथ सोशल मीडिया पर लिखा, ‘सुरक्षित मार्ग की तलाश में रोवर को घुमाया गया. इस घूमने को लैंडर इमेजर कैमरे द्वारा कैप्चर किया गया. ऐसा महसूस होता है कि मानो कोई बच्चा चंदामामा के आंगन में अठखेलियां कर रहा हो और मां प्यार से देख रही हो. है ना?’



Chandrayaan-3 Mission:
— ISRO (@isro) August 31, 2023
The rover was rotated in search of a safe route. The rotation was captured by a Lander Imager Camera.
It feels as though a child is playfully frolicking in the yards of Chandamama, while the mother watches affectionately.
Isn't it?🙂 pic.twitter.com/w5FwFZzDMp
चंद्रयान-3 की 23 अगस्त को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग हुई थी. इसके साथ ही भारत चांद पर उतरने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है. वहीं, दक्षिण ध्रुव पर लैंड करने वाला भारत पहला देश है. विक्रम लैंडर की मदद से चंद्रयान-3 की चांद पर लैंडिंग हुई. प्रज्ञान रोवर अब विक्रम लैंडर में से बाहर आकर चांद पर जांच पड़ताल कर रहा है. एक दिन पहले ही यह खबर आई है कि रोवर ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर ऑक्सीजन और सल्फर होने का पता लगाया है.
