Skip to content
Home | जिन कांग्रेस विधायकों की स्थिति खराब, उन्हें लास्ट चांस

जिन कांग्रेस विधायकों की स्थिति खराब, उन्हें लास्ट चांस

बघेल बोले- हालात सुधर गए तो टिकट क्यों काटेंगे, नहीं सुधरा तो पार्टी फैसला करेगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। खराब परफार्मेस वाले विधायकों का टिकट कट सकता है। शुरुआती सर्वे के आधार पर पार्टी ने विधायकों को सुधार का आखिरी मौका दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को कहा, अगर स्थिति सुधरेगी तो किसी का टिकट क्यों काटेंगे। लेकिन स्थिति नहीं सुधरी तो फिर पार्टी तय करेगी।

सिहावा विधानसभा में भेंट मुलाकात के लिए रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री रायपुर हेलीपैड पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। विधायकों के टिकट काटे जाने से जुड़े एक सवाल पर उन्होंने कहा, सरकारी योजनाओं का फायदा लोगों को मिल ही रहा है। पार्टी की बात करें तो विधानसभा के पांच उपचुनाव हुए, हमने जीते । लिटमस टेस्ट तो यही है कि नगरीय निकाय चुनाव में क्या रिजल्ट रहा। उपचुनाव में रिजल्ट क्या रहा। यह सारे चुनाव हम जीते हैं। जहां तक कैंडिडेट की बात है तो अभी तो भेंट मुलाकात का कार्यक्रम चल रहा है। विधायकों को लगातार बता

भी रहे हैं कि यह यह काम आपको और करना है। अगर स्थिति सुधरेगी तो टिकट किसी का क्यों काटेंगे। अगर नहीं सुधरी तो फिर पार्टी तय करेगी। बताया जा रहा है कि पार्टी के आंतरिक सर्वे में करीब 30 प्रतिशत विधायकों का प्रदर्शन खराब पाया गया है। उनसे स्थानीय लोग और कार्यकर्ता भी संतुष्ट नहीं है। ऐसे विधायकों को बकायदा एक-एक काम के लिए निर्देशित किया गया है। फील्ड पर भी उसका असर नजर आने लगा है। पिछले कुछ महीनों से वे विधायक पर क्षेत्र में चौपाल लगाने लगे हैं जिनका पूरा समय रायपुर और दिल्ली की प्रदक्षिणा में बीता है। राहुल गांधी के तपस्वी और पुजारी वाले बयान से खड़े हुए विवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा, दूसरे देशों में एक धर्म है, एक ग्रंथ है, एक उनका ईष्ट है।

हमारा देश ऐसा है जहां अलग-अलग मान्यता के लोग हैं। हम यह नहीं कह सकते हैं कि यह हमारा सर्वमान्य ग्रंथ है। हम गीता पढ़ते हैं, वेदों को मानते हैं, उपनिषद मानते हैं, रामायण को मानते हैं। हमारा कोई एक ग्रंथ नहीं है। हमारे बहुत सारे ग्रंथ हैं। हमारे बहुत से ऋषि भी हैं। किसी एक ऋषि की बात को प्रमाणित नहीं मान सकते। वह भी प्रमाणिक है, लेकिन दूसरे ऋषि बोले हैं। वह भी हमारे लिए प्रमाणिक है। उसी तरह से हमारे ईष्ट भी बहुत हैं। हम शिव को मानते हैं, कृष्ण को मानते हैं, राम को मानते हैं, गुरु को मानते हैं। ये देश तो ऐसा है जहां गुरु को ईश्वर के समकक्ष खड़ा कर दिया गया है। गुरु गोविंद दोऊ खड़े काके लागू पाय । बलिहारी गुरु आपनो गोविंद दियो बताय।