रायगढ़, 2 अक्टूबर। बीते 17 महीने से वेतन के लिए तरस रहे हड़ताली कर्मचारियों ने गांधी प्रतिमा से नंदेली तक नारेबाजी कर पदयात्रा की। वहीं, शहीद नंदकुमार पटेल की समाधि स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना भी की।
विगत 17 माह से पगार के नाम पर फूटी कौड़ी नहीं मिलने से आर्थिक संकट का सामना कर रहे केआईटी कर्मचारी संघ ने गांधी जयंती पर अनोखी गांधीगिरी की। लंबित वेतन और स्टूडेंट्स के लिए मूलभूत सुविधाएं समेत 5 सूत्रीय मांगों को लेकर बेमियादी हड़ताल से क्रमिक भूख हड़ताल तक करने वाले केआईटी कर्मचारी 2 अक्टूबर की सुबह शहर के गांधी प्रतिमा के पास एकत्रित हुए।
राष्ट्रपिता की मूर्ति पर माल्यार्पण कर शासन और प्रशासन को जगाने के लिए नारेबाजी करने वाले हड़ताली कर्मचारी पैदल आगे बढ़ गए। गांधी प्रतिमा से गर्ल्स कॉलेज, नटवर स्कूल मार्ग, सिविल लाईन, सत्तीगुड़ी चौक से कोतरा रोड आरओबी होते हुए पदयात्रा कर शाम 5 बजे नंदेली पहुंचे कर्मचारियों ने शहीद नंदकुमार पटेल के समाधि स्थल शांति बगिया में फूल चढ़ाते हुए उनको श्रद्धांजलि दी। साथ ही सरकार को सद्बुद्धि प्रदान करने की सामूहिक प्रार्थना भी हड़ताली कर्मचारियों ने की, ताकि उनको न्याय मिल सके।






