छोड़कर सामग्री पर जाएँ

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का फरार ‘खाईवाल’ गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस ने दबोचा

Spofficeraigarh 750x42228129 1

रायगढ़। जिले में सट्टेबाजों और जुआरियों की अब खैर नहीं है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के ‘ऑपरेशन अंकुश’ का खौफ अवैध कारोबारियों में साफ दिखने लगा है। इसी कड़ी में पूंजीपथरा पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के एक बड़े नेटवर्क की कमर तोड़ते हुए फरार मुख्य खाईवाल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह पूरा मामला ग्राम गेरवानी का है, जहां एक बर्तन दुकान को सट्टेबाजी का अड्डा बना दिया गया था। पुलिस की लगातार दबिश के बाद अब इस काले कारोबार का मुख्य सरगना सलाखों के पीछे पहुंच गया है। दरअसल, बीते 11 मई को पूंजीपथरा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान में सट्टेबाजी का खेल चल रहा है।

पुलिस ने जब वहां दबिश दी, तो श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल नाम के दो आरोपी मोबाइल फोन पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़े गए। पुलिस ने मौके से सट्टा-पट्टी के अलावा 4 मोबाइल फोन और कुल 18,400 रुपये (श्याम के पास से 17 हजार और सुरेश से 1,400 रुपये) बरामद किए थे। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो दोनों आरोपियों ने सारा राज उगल दिया। उन्होंने बताया कि वे तो सिर्फ मोहरे हैं, सट्टे की असली रकम गेरवानी के ही रहने वाले खाईवाल रामफल अग्रवाल के पास नकद और डिजिटल माध्यमों से पहुंचाई जाती है।

घटना वाले दिन रामफल को पुलिस की भनक लग गई थी और वह मौके से रफूचक्कर हो गया था। पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस की टीम लगातार फरार खाईवाल की तलाश कर रही थी। आखिरकार 22 मई को पुलिस ने घेराबंदी कर 46 वर्षीय रामफल अग्रवाल (पिता अशोक अग्रवाल) को धर दबोचा। पुलिस ने इस मामले में थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 107/2026 दर्ज करते हुए छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 और 7 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एसएसपी का सख्त संदेश
इस कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सटोरियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि रायगढ़ में जुआ और सट्टे के खिलाफ ‘ऑपरेशन अंकुश’ लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस सख्ती का ही नतीजा है कि कई आरोपी अब अपराध से तौबा कर खुद सरेंडर करने लगे हैं। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल और उनके स्टाफ की अहम भूमिका रही।

img 20260524 wa00227811364164921186555
आरोपी रामफल अग्रवाल

इस खबर को शेयर करें:

e9073382a8eba25524e580ff55b8f56ea0340bb7ac24cfbd0a28106f19b38d44?s=90&d=mm&r=g

विकास पाण्डेय

न्यूज एडिटर

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला मुख्यालय से वर्ष 1988 से निरंतर प्रकाशित हो रहे प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र 'केलो प्रवाह' के 'Digital Wing' में News Editor की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। Finance (NBFC) क्षेत्र के 15 वर्षों के अनुभव के बाद इन्होंने 'RIG24 Media Network' से Journalism की शुरुआत की और कार्य के दौरान ही 'BJMC' की Professional Degree प्राप्त की। ​विकास अक्टूबर 2021 से 'केलो प्रवाह' के Web News Portal और Social Media Platforms का संचालन एवं संपादन कर रहे हैं। ये विशेष रूप से क्षेत्रीय घटनाक्रम, Exclusive रिपोर्ट्स, सीएम की गतिविधियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ Agriculture, Politics, Finance, Infrastructure, Development, Employment, Sports, Career, Current Affairs, सामाजिक, देश-प्रदेश और शासन-प्रशासन से संबंधित कई विषयों पर निरंतर लेखन कर रहे हैं, जो पाठकों की जरूरत के अनुसार उपयोगी हों।

Share: