रायगढ़, 10 मार्च। परिवार के साथ होली मनाने गृहग्राम गई एक महिला व्याख्याता के सूने मकान का ताला तोड़ते हुए अज्ञात तत्वों ने 1 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषणों को उड़ा दिया। चोरी की यह वारदात शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के समीप माझा पारा स्थित शांति विहार कॉलोनी में रहने वाली श्रीमती गीता कलाटे पति रघुवर कलाटे (57 वर्ष) पुसल्दा के हाई स्कूल में व्याख्याता के रूप में पदस्थ है। गीता विगत 2 मार्च को घर में ताला लगाते हुए सपरिवार होली मनाने ग्राम जतरी गई थी। बुधवार सुबह गीता को पड़ोसी उमा सारथी ने फोन कर बताया कि आधी रात को उसके सूने घर मे चोर घुसे थे।
फिर क्या, किसी अनहोनी की आशंका से बदहवास महिला ने रायगढ़ वापस घर का जायजा लिया तो पाया कि दरवाजे के ताला तोड़ते हुए भीतर घुसे अज्ञात चोर कमरे से आलमारी के लॉकर को खोल पर्स में रखे सोने का लटकन, मंगलसूत्र, लॉकेट, माला, रिंग, चांदी करधन, पायल समेत 1 लाख से अधिक कीमत के गहने गायब थे। तदुपरांत, गीता ने मौके की नजाकत को भांप इसकी सूचना थाने में दी तो पुलिस ने घटना स्थल का जायजा भी लिया। महिला व्याख्याता गीता कलाटे ने चोरी हुए जेवरों के 1 लाख 5 हजार रुपए की रसीद भी वर्दीधारियों को बताई। ऐसे में अज्ञात चोर के खिलाफ भादंसं की धारा 457, 380 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज करने वाली चक्रधर नगर पुलिस संदेहियों की खैरखबर भी ले रही है।
