सुकमा। अति नक्सल प्रभावित जिले सुकमा में गुरुवार को नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ में कई नक्सलियों के घायल होने की संभावना है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग जारी थी। सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि सुबह कोबरा और एसटीएफ के जवानों को माओवादियों ने एंबुश लगाकर घेर लिया था। फिर घटना स्थल पर दोनो के बीच करीब दो घंटे तक जमकर गोलीबारी हुई है। कोई भी सुरक्षाकर्मी घायल नहीं है लेकिन कुछ उग्रवादियों को गोली लगी है। जिसके बाद नक्सली जमीन पर गिर गए थे। घायल नक्सलियों को उनके साथी अपने साथ ले जाने में सफल हो गए हैं। सुकमा पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने बताया कि मुताबिक गुरुवार को एसटीएफ, सीआरपीएफ की कोबरा 208वीं बटालियन ने डब्बामरका कैंप से सकलेर की ओर तलाशी अभियान शुरू किया था। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की टीम पर फायरिंग की। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की।
कई नक्सलियों को गोली लगने की खबर
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि सुरक्षाबल के जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगलों में भाग गए। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फायरिंग के दौरान कुछ उग्रवादियों को गोली लगी और उन्हें भागते देखा गया। उन्होंने कहा कि अभी तलाशी अभियान जारी है।
