रायगढ़ (8 मार्च)। कांग्रेस के नवनिर्मित भवन में तलघर होने की गोपनीय सूचना असंतुष्ट खेमे द्वारा कई दिनों से प्रेस तक पहुंचाई जा रही थी। मामले को तूल पकड़ता देखकर पत्रकारों का एक दल आज मौका मुआयना करने गया था। आरंभ में पत्रकारों को कोई असामान्य निर्माण नजर नहीं आया था लेकिन वापस लौटते समय नवीन शर्मा की नजर एक आलमारी पर पड़ी। हिंदी फिल्मों के विलेन अजीत के फैन नवीन को अजीत के खुफिया अड्डों से विशेष प्रेम था। अत: उसी की तर्ज पर जब नवीन ने आलमारी के बगल में स्थित एक चक्रनुमा हैंडल को घुमाया तो आलमारी के पीछे से एक तलघर दिखाई पड़ने लगा। सीढ़ी से नीचे उतरने पर पत्रकारों को तलघर से सीधे केकी बार को जोड़ती हुई एक चमकदार सुरंग मिली। यह खबर आग की तरह शहर में फैल गयी और देखते ही देखते लोगों का हुजूम इकठ्ठा हो गया।
लोग तरह-तरह की बातें करने लगे। बात का बतंगड़ बनते देखकर जिला कांग्रेस के बाहुबली अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने आनन-फानन में एक प्रेस वार्ता आयोजित की। उन्होंने प्रेस को बताया कि दिन भर पार्टी का काम करके थक जाने के बाद कार्यकर्ताओं को रात्रिकालीन आमोद-प्रमोद की जरूरत होती है। साथ ही पियक्कड़ पत्रकारों को अपने पक्ष में रखने के लिए भी खान-पान की उत्तम व्यवस्था सत्तारूढ़ दल को करनी होती है। इस सेवा के लिए अन्यत्र जाना न पड़े इसी तथ्य को ध्यान में रखकर यह सुरंग निर्मित की गयी है, लेकिन असंतुष्ट नेता सतपाल बग्गा व जेठूराम एंड कंपनी ने पत्रकारों को भ्रामक जानकारी देकर उनको नीचा दिखाने के लिये वितंडावाद फैला रखा है।
अनिल शुक्ला के स्पष्टीकरण से सारी भ्रांति दूर हो गयी। अंत में उपस्थित पत्रकारों व कार्यकर्ताओं के लिये उसी सुरंग के रास्ते केकी बार का निर्मल पेय एवं लजीज चखना मंगवाया गया। त्वरित सेवा के तहत मिनटों में खान-पान आ गया। फिर होलियाना अंदाज में पार्टी शुरू हो गयी जो कि देर रात तक चली। बताया जाता है कि कतिपय पत्रकारों और नेताओं रिक्शे से घर पहुंचाना पड़ा। बहरहाल अनिल शुक्ला के अभिनव पहल से कार्यकर्ताओं में हर्ष देखा जा रहा है। (हो. स.)
