Skip to content

Home | Raigarh News : डीबी पावर का अधिग्रहण 15 जनवरी तक टला, अडाणी पॉवर ने दी जानकारी, 7 हजार करोड़ से अधिक में हुआ है सौदा

Raigarh News : डीबी पावर का अधिग्रहण 15 जनवरी तक टला, अडाणी पॉवर ने दी जानकारी, 7 हजार करोड़ से अधिक में हुआ है सौदा

रायगढ़। जांजगीर-चांपा के बाड़ादरहा स्थित डीबी पावर का अधिग्रहण 2022 में पूरा नहीं हो पाया। अभी भी अडाणी पावर और डीबी पावर के बीच कुछ औपचारिक प्रक्रिया बाकी है। पहले यह अधिग्रहण अक्टूबर 2022 में पूरा होना था, जो 31 दिसंबर 2022 तक बढ़ गया। अब इसे 15 जनवरी 2023 तक टल गया है। गौतम अडाणी की कंपनी अडाणी पावर ने डीबी पावर को खरीदने की समय सीमा एक बार फिर बढ़ा दी है। अब यह डील 15 जनवरी तक पूरा की जाएगी। अडाणी पावर इस कंपनी की संपत्ति को 7017 करोड़ रुपए में खरीदने के लिए तैयार है।

इससे पहले कंपनी ने एक महीने पहले डीबी पावर लिमिटेड से डील को पूरा करने के लिए समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2022 किया था। अडाणी पावर ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में जानकारी दी कि दोनों पक्ष इस डील को लेकर 15 जनवरी, 2023 तक आगे बढ़ाने के लिए सहमत हुए हैं। हालांकि अडाणी पावर इससे पहले भी कंपनी के अधिग्रहण को लेकर डेट दे चुका है, जिस पर दोनों पक्षों की ओर से सहमति थी। अडाणी पावर ने अगस्त में एक्सचेंजों को जानकारी दी थी कि वह डीबी पावर का अधिग्रहण करेगा।

कोल इंडिया के साथ एफएसए
डीबी पावर छत्तीसगढ़ में जिला जांजगीर-चांपा में 1200 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट का मालिक है और संचालित करता है। डीबी पावर के पास अपनी क्षमता के 923.5 मेगावाट के लिए लंबे और मध्यम अवधि के लिए कोल इंडिया लिमिटेड के साथ ईंधन आपूर्ति का एग्रीमेंट हुआ है। अडाणी पावर ने इसके पहले अवंता ग्रुप के कोरबा वेस्ट पावर प्लांट बड़े भंडार का अधिग्रहण किया था।

31अक्टूबर तक डील को पूरा करने का था समय 
अडाणी समूह ने डीबी पावर के अधिग्रहण को लेकर कहा था कि इसे 31 अक्टूबर तक पूरा किया जा सकता है, जिस पर दोनों कंपनियों ने सहमति जताई थी। हालांकि यह भी कहा गया था कि अवधि को दोनों की सहमति आगे बढ़ाया जा सकता है। डीबी पावर का इंटरप्राइज वैल्यू 7,017 करोड़ रुपए आंका गया था। इसे बाद में बढ़ाया और घटाया भी जा सकता है। पिछले तीन वित्तीय वर्षों के दौरान डीबी पावर का कारोबार 3,488 करोड़ रुपए दर्ज किया गया है।