Skip to content
Home | जामपाली माइंस में चल रही थी दारू पार्टी, एक कर्मचारी का फोड़ा सिर

जामपाली माइंस में चल रही थी दारू पार्टी, एक कर्मचारी का फोड़ा सिर

टारगेट पूरा होने की खुशी में सब एरिया मैनेजर ने किया था आयोजन, एक कर्मचारी को चार ने पीटा

रायगढ़, 26 फरवरी। एसईसीएल की जामपाली खदान से कभी कोई अच्छी खबर नहीं आती। कभी कोयला चोरी तो कभी गैंगवार होता ही रहता है। रविवार को तो सब एरिया मैनेजर की मौजूदगी में खदान में ही दारू पार्टी चल रही थी, तभी किसी बात को लेकर विवाद हुआ। चार कर्मचारियों ने मिलकर एक को बुरी तरह पीटा। उसका सिर फट गया है। घरघोड़ा में एसईसीएल की जामपाली खदान का कोयला उत्पादन का सालाना टारगेट पूरा हुआ तो सब एरिया मैनेजर ने कर्मचारियों के साथ दारू पार्टी का आयोजन किया। रविवार को दिन में पार्टी चल रही थी, तभी पप्पू नामक कर्मचारी की किसी बात से अन्य कर्मचारी नाराज हो गए।

चार कर्मचारियों ने पप्पू पर हमला बोल दिया। मारपीट में उसका सिर भी फट गया। इस दौरान सब एरिया मैनेजर वहीं मौजूद थे। इसके बाद पप्पू पर किसी भी तरह की शिकायत न करने का दबाव बनाया गया। वह खदान में टेंकर इंचार्ज के रूप में काम करता था। घटना के वक्त खदान के नोडल, लोडिंग इंचार्ज आदि भी वहीं थे। पार्टी में सभी एसईसीएल के ही कर्मचारी थे। जामपाली में कई बार ट्रांसपोर्टरों के बीच गैंगवार भी हो चुका है। खदान के अंदर के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। संसाधनों का विकास शून्य है।

ग्रेड में हेराफेरी का पुराना तरीका जारी

जामपाली कोयले ग्रेड में हेराफेरी लंबे समय से हो रही है। कागजों में स्टॉक जितना है, उतना मौके पर नहीं है। लो ग्रेड के डीओ में हाई ग्रेड का कोयला दिया जाता है। इसके लिए सब एरिया से सेटिंग करनी पड़ती है। इस काम में उनके दो और मातहत अधिकारी शामिल हैं।