रायगढ़, 24 फरवरी। अवैध निर्माण करने वालों ने जैसे नियमों को मजाक बना दिया है। ग्रीन बेल्ट की जमीन पर भी बिना किसी डर के निर्माण किया जा रहा है। केलो विहार कॉलोनी में उपभोक्ता फोरम के सामने जमीन पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। तहसील से चंद कदमों की दूरी पर ऐसा हो रहा है तो बाकी जगहों का क्या हाल होगा। शहर की सीमा में अनधिकृत निर्माणों की बाढ़ सी आ गई है। कोई सरकारी जमीन को कब्जा करके मकान बना रहा है तो कोई सड़क पर भी कब्जा कर रहा है।
कॉलोनियों में गार्डन और ग्रीन बेल्ट के लिए खाली छोड़ी गई जमीन पर भी कब्जा किया जा रहा है, लेकिन किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता। तहसील कार्यालय से चंद मीटर की दूरी पर केलो विहार कॉलोनी में उपभोक्ता फोरम के सामने ग्रीन बेल्ट की जमीन पर मकान बनाया जा रहा है। कुछ लोगों ने विरोध किया तो डरा-धमकाकर चुप करा दिया गया। स्थानीय पार्षद की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि उन्होंने भी इसे नहीं रोका। अभी निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ है। केलो विहार में ही बिना अनुमति के कई व्यावसायिक निर्माण भी हो रहे हैं। जबकि प्रीमियम और भूभाटक का मामला सुलझा नहीं है।
