रायगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। रेत का अवैध खनन करते चेन माउंटेन मशीन जब्त किया गया। वहीं बिना टीपी के एक हाईवा लाइमस्टोन को भी पकड़ा गया। खनिजों के अवैध दोहन पर राज्य सरकार ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं। महानदी से रेत का अवैध खनन जोरों पर है। सहायक खनिज अधिकारी बजरंग पैकरा ने सरिया क्षेत्र में जांच की। दहिदा में रेत का अवैध उत्खनन करते हुए चेन माउंटेन मशीन को जब्त किया गया। वहीं सरिया में ही एक हाईवा को लाइमस्टोन के साथ पकड़ा गया।
वाहन में रॉयल्टी पर्ची नहीं थी। वाहन आलोक अग्रवाल का बताया जा रहा है। दोनों वाहनों को जब्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अवैध रेत और खनिज माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि महानदी के तटीय इलाकों में लंबे समय से भारी मशीनों के जरिए रेत का अंधाधुंध दोहन किया जा रहा है, जिससे न सिर्फ नदी का प्राकृतिक स्वरूप बिगड़ रहा है बल्कि जलस्तर भी लगातार नीचे जा रहा है। भारी वाहनों की बेधड़क आवाजाही से ग्रामीण सड़कें भी जर्जर हो चुकी हैं।
मामले में सहायक खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शासन के सख्त निर्देशों के तहत यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। अवैध उत्खनन और बिना रॉयल्टी पर्ची (टीपी) के परिवहन करने वाले किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा। खनिज विभाग अब जब्त वाहनों के मालिकों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।























