रायगढ़। नगर निगम वार्ड नंबर 27 के उपचुनाव में सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी को मुंह की खानी पड़ी है। भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सरिता राजेंद्र ठाकुर ने 865 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की तो वही उनकी निकटतम कांग्रेस की प्रत्याशी रानी अशोक सोनी को 599 वोट मिले हैं। सरिता राजेंद्र ठाकुर को रानी अशोक सोनी से 266 वोट अधिक मिले हैं। विदित हो कि इस सीट पर कांग्रेस की पार्षद नेत्री स्व. संजना शर्मा की मृत्यु के बाद वार्ड में उपचुनाव हुआ था।












इस उपचुनाव को दोनों ही राष्ट्रीय दल आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में लेकर आगे बढ़े थे लेकिन भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां कांग्रेस की अपेक्षा कहीं ज्यादा मजबूत थी जिसका परिणाम यह रहा कि आज सत्ता-सरकार में रहते हुए भी कांग्रेस पार्टी को शिकस्त मिली।





वही इस जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार है। ढोल-नगाड़ों के साथ पटाखे फोड़कर भाजपाई जीत का जश्न मना रहे हैं तो दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता इस हार को पचा नहीं पा रहे हैं क्योंकि कहीं ना कहीं वार्ड नंबर 27 में कांग्रेस की हार एक बुरे सपने की तरह है।

कलेक्टर रानू साहू से विजेता का सर्टिफिकेट प्राप्त करते हुए भाजपा प्रत्याशी
अंतिम परिणाम पर एक नजर
फायनल परिणाम के रूप में सरिता राजेंद्र ठाकुर 865 (बीजेपी), रानी अशोक सोनी 599 ( कांग्रेस), योगेश्वरी कुर्रे 182 (निर्दलीय), रोमा राय 13 (निर्दलीय), प्रेम कुमारी इंनोसेंट 57 ( निर्दलीय) और नोटा को 6 वोट मिले हैं।
