जिंदल गेस्ट हाउस में रुके हैं मुख्य कलाकार और निर्देशक, शहर के तीन से ज्यादा होटलों में कमरे बुक
रायगढ़। छत्तीसगढ़ की छवि अब पहले जैसी नहीं रही। अब यह संभावनाओं से भरा है। इसका उदाहरण अक्षय कुमार जैसे प्रथम पंक्ति के अभिनेता का रायगढ़ आकर फिल्म की शूटिंग करना है। पहली बार है कि जब हिंदी फिल्म के इतने बड़े अभिनेता ने रायगढ़ को चुना। शनिवार सुबह करीब 6.55 बजे अक्षय कुमार चार्टर्ड प्लेन से जिंदल एयरस्ट्रिप पहुंचे। उन्होंने तय शेड्यूल के हिसाब से शाम करीब 4 बजे तक शूटिंग पूरी की।
तमिल सुपरहिट फिल्म सूरारई पोटरू के हिंदी रीमेक की शूटिंग करने अक्षय कुमार रायगढ़ में हैं। काफी समय से इसकी तैयारी की जा रही थी। पहले 2 अक्टूबर से अनुमति ली गई जिसे बाद में 14-17 अक्टूबर कर दिया गया। पिछले दो दिनों से फिल्म के सह कलाकार जेएसपीएल गेस्ट हाउस में रिहर्सल कर रहे थे। शनिवार को अक्षय कुमार भी रायगढ़ पहुंच गए। मुंबई से जिंदल के प्लेन में ही वे रायगढ़ पहुंचे। यहां फिल्म का प्लेन दुर्घटना वाला हिस्सा फिल्माया जा रहा है। दोपहर में शूटिंग की जाती रही। सुरक्षा की जिम्मेदारी छग और महाराष्ट्र पुलिस पर थी।
अक्षय के साथ उनके निजी सुरक्षाकर्मी भी पहुंचे थे। करीब 400 लोगों की टीम रायगढ़ पहुंची है। इनको होटल अंश, होटल श्रेष्ठा और होटल जानकी वाटिका में कमरे बुक कराए गए हैं। अक्षय कुमार और निर्देशक सुधा कोंगरा जिंदल गेस्ट हाउस में ही रुके हुए हैं। शनिवार को क्लाइमैक्स के कुछ अहम सीन फिल्माए गए। बाकी की शूटिंग मुंबई स्टूडियो और दूसरी लोकेशन में हो सकती है। रायगढ़ में प्रोडक्शन यूनिट ने जेएसपीएल कॉलोनी और आसपास के इलाके की रेकी की है। संभव है कि आज एयरस्ट्रिप से बाहर भी शूटिंग हो।
खुद अपना कुक लेकर आए अक्षय
अक्षय कुमार की अगवानी रायगढ़ पुलिस ने की। अक्षय कुमार अपनी सेहत को लेकर बहुत सतर्क रहते हैं। उनका खानपान और दिनचर्या बहुत संतुलित है। वे बाहर का कुछ नहीं खाते इसलिए अपने कुक को साथ लेकर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है जिंदल गेस्ट हाउस में भी उनका खाना यही कुक बनाएगा।

कई स्थानीय लोग भी शामिल
फिल्म की प्रोडक्शन यूनिट ने रायगढ़ के कई स्थानीय लोगों को भी कास्ट किया है। कुछ को पत्रकारों की भूमिका में रखा गया है। शूटिंग स्थल पर किसी को भी मोबाइल यूज करने की अनुमति नहीं है। शूटिंग शुरू होने के पहले ही सबके फोन रख लिए जाते हैं। कोई भी अंदर की फोटो लीक न कर दे, इसलिए ऐसा किया जाता है। सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को गेस्ट हाउस या एयरस्ट्रिप के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी गई है।




